कानपुर में गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित, विधायक अमिताभ बाजपेई ने की पहल

कानपुर, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में नरोना चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी और प्रख्यात पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा मंगलवार को स्थापित की गई। आर्यनगर से समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने अपने समर्थकों के साथ प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से आश्वासन मिलने के बावजूद प्रतिमा की स्थापना नहीं कराई गई, जिसके बाद उन्हें स्वयं पहल करनी पड़ी।

मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को उसके मूल स्थान से हटाया गया था। विधायक अमिताभ बाजपेयी लगातार मांग करते रहे कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रतिमा को दोबारा उसी स्थान पर स्थापित किया जाए। उन्होंने इस संबंध में कई बार मेट्रो प्रशासन और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर प्रतिमा पुनर्स्थापित कराने की मांग उठाई थी। पिछले साल अक्टूबर में भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था।

विधायक का कहना है कि बाद में उन्हें नवंबर तक प्रतिमा स्थापित किए जाने की जानकारी दी गई, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके विरोध में उन्होंने 17 मई को प्रतिमा स्थल पर धरना देते हुए अपने खून से जिलाधिकारी को पत्र लिखा था और शीघ्र प्रतिमा लगवाने की मांग की थी। आरोप है कि पहले यहां लगी प्रतिमा चोरी हो गई थी, लेकिन घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। विधायक ने कहा कि बार-बार अनुरोध और आश्वासनों के बावजूद जब प्रतिमा नहीं लगाई गई तो उन्होंने स्वयं संगमरमर की नई प्रतिमा तैयार करवाई और उसे स्थापित कराया।

प्रतिमा स्थापना के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और पत्रकारिता की निर्भीक परंपरा के प्रतीक हैं। उन्होंने प्रतिमा चोरी प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी दोहराई।

   

सम्बंधित खबर