राज्यपाल ने मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ किया ‘स्नेह मिलन’
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
गुवाहाटी, 06 जून, (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने आज लोक भवन में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा तथा राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने असम में शांति, प्रगति, समृद्धि और समावेशी विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराया।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने इस संवादात्मक कार्यक्रम के आयोजन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उल्लेखनीय है कि लोक भवन (पूर्ववर्ती राजभवन) में शपथ ग्रहण के बाद नवगठित मंत्रिपरिषद के स्वागत की परंपरा रही है। कोविड-19 महामारी के दौरान यह परंपरा बंद हो गई थी। हालांकि, राज्यपाल आचार्य की विशेष पहल पर इस बार इस परंपरा को पुनर्जीवित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एक स्मारक समूह छायाचित्र (ग्रुप फोटोग्राफ) भी लिया गया।
----------

