शहडोल: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत

मृत पडा युवक

शहडोल, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौक हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शहडोल-अनूपपुर हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। तेज गति से आ रही एक कार और बाइक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। मृतक की पहचान महेंद्र कोल के रूप में हुई है, जो बुढार क्षेत्र के भुतही मोहल्ला का निवासी था। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इसी हाईवे पर हाल ही में दो दिन पहले एक ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

   

सम्बंधित खबर