गुलदार के हमले में महिला घायल

पौड़ी गढ़वाल, 21 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ों में मानव वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज में शुक्रवार को एक बार फिर गुलदार ने पौड़ी नागदेव रेंज के डोभाल ढांडरी गांव में घास लेने गई 62 साल की भगवान देवी को हमला कर घायल कर दिया।

इससे पूर्व बीते गुरुवार को भी गुलदार ने इसी रेंज के कोटी गांव में एक 60 साल की महिला को निवाला बना दिया था। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

रेंजर डीसी नौटियाल ने बताया कि हर रोज की तरह डोभाल ढांडरी की महिलाएं मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थी। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने भगवान देवी 62 साल डोभाल ढांडरी गांव पर हमला कर दिया। बताया कि महिला के गले पर घाव के निशान बने है। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया कि घायल महिला को नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। वहीं, लगातार हो रहे हमलों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है।

सामाजिक कार्यकर्ता विनोद दनोशी, नमन चंदोला आदि ने कहा कि लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कहा कि पहाड़ों में ग्रामीणों का रहना जोखिम भरा हो गया है। वन्यजीवों के आतंक के चलते हर पल जान जाने का खतरा बना रहता है। कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार को मानव वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

   

सम्बंधित खबर