राहुल गांधी के संदेश से प्रेरित होकर गांव-गांव पहुंचे कांग्रेसी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा हाथ

मीरजापुर, 18 सितंबर (हि.स.)। कछवां क्षेत्र के एक बाग में गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के “आओ चलें गांव की ओर” संगठन सृजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कछवा नगर एवं मझवां ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें कछवा नगर कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी से जुड़े चार पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कछवा के पूर्व बूथ अध्यक्ष मनीष सिंह, जमुआरी गांव के राज तिवारी (भाजपा पन्ना प्रमुख), जमुआरी के बूथ अध्यक्ष अजय कुमार उपाध्याय और विकास दूबे शामिल रहे।

मुख्य अतिथि भगौती प्रसाद चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी की प्रेरणा से कांग्रेस कार्यकर्ता अब गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करेंगे और जनता तक कांग्रेस सरकारों की नीतियां व योगदान पहुंचाएंगे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रधानमंत्री जी ने अपने जन्मदिन पर रक्तदान का कार्यक्रम रखा, लेकिन जनता पूछ रही है कि आखिर कब तक जनता का खून चूसोगे। राहुल गांधी के ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ नारे से सरकार हिल चुकी है।”

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार पटेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए भाजपा से आए युवाओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे, मझवां ब्लॉक अध्यक्ष कुंज बिहारी उपाध्याय, कछवा नगर अध्यक्ष प्रमोद उपाध्याय, इश्तियाक अंसारी, सतीश शर्मा, जयदीप उपाध्याय, जटाशंकर पांडे, विनय कुमार तिवारी, मनीष सिंह कल्लू गुरु, शकील खान, गोपाल जी चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

   

सम्बंधित खबर