31 जुलाई तक जम्मू कश्मीर में रुक-रुक कर बारिश के आसार कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
- MILAN SINGH JAMWAL
- Jul 24, 2026
श्रीनगर, 24 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में मानसून का असर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 31 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को दोपहर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौजूदा बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।
25 से 27 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विशेष रूप से जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में सुबह के समय भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।वहीं 28 से 31 जुलाई के बीच प्रदेश में एक और नया पश्चिमी/मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों में फिर से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी मार्गों से सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण जलभराव, भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

