क्या जम्मू-कश्मीर में कुछ बड़ा होने वाला है?
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 16, 2026
क्या जम्मू-कश्मीर में कुछ बड़ा होने वाला है?
जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार लोकतांत्रिक तरीके से कराए गए चुनाव में भाजपा की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए जीत हासिल कर नेशनल कांफ्रेंस ने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार बनाई जिसे दो साल का अरसा भी गुजर चुका है। इस दौरान उमर का रवैया केंद्र सरकार के प्रति काफी सकारात्मक रहा, लेकिन बीते दो-तीन दिनों में जिस तरह उमर अब्दुल्ला की नेकां और भाजपा आमने सामने आकर तीखे माहौल में बहसबाजी कर रही हैं, वह आभास देता है कि जम्मू-कश्मीर में जल्द कुछ बड़ा होने वाला है। लेकिन यह न समझिए कि स्टेट हुड वापस मिलने वाला है, बल्कि इससे भी इतर कुछ ऐसा होना है जो हैरान कर देने वाला होगा। कुछ दिन से केंद्रशासित प्रदेश के मुखिया उमर अब्दुल्ला स्टेट हुड को लेकर काफी आक्रामक हो गए हैं और २० जुलाई को दिल्ली के जंतर मंतर पर व्यापक प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को उसके द्वारा किए गए वादे की याद दिलाने की बात कर रहे हैं। लेकिन वह यह भूल जाते हैं कि केंद्र सरकार अपने वादे को भूली नहीं है, जिसे बार बार याद दिलाया जाए। बस उसे इंतजार है सही वक्त का, जो कभी पहलगाम जैसे कांड नहीं आने देते तो कभी जम्मू-कश्मीर के स्थानीय राजनीतिक दलों के नेता अपनी बयानबाजी से सही वक्त का आकलन करने के केंद्र सरकार के मंसूबों पर पानी फेर देते हैं और यही कारण है कि केंद्र सरकार की भरपूर मंशा होने के बावजूद जम्मू-कश्मीर को अभी भी केंद्रशासित प्रदेश होने का दंश झेलना पड़ रहा है। लेकिन इस दंश के साथ साथ जम्मू-कश्मीर ने केंद्रशासित प्रदेश होने के ऐवज में जो सुविधाएं और तरक्की केंद्र सरकार से हासिल की है, उसे भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आज जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश होते हुए भी देश के किसी भी अन्य राज्य से किसी भी मामले मेें पीछे नहीं है। यह नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों और जम्मू-कश्मीर केंद्रशासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि आज कश्मीर के युवा बजाय पत्थरबाजी के देश के विकास में सहयोगी बनकर हाथ में लैपटॉप थामे नजर आते हैं और कश्मीर में आतंकवाद के प्रायोजक पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू हो गए हैं जो जम्मू-कश्मीर की बदलती हवा का द्योतक है। इसके लिए जहां केद्र की मोदी सरकार और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की कड़ी कवायद सराहनीय है वहीं स्थानीय युवाओं का सहयोग भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अब स्थानीय राजनीतिक पार्टियां खुद को बौना महसूस कर रही हैं जिससे उबरने के लिए वे तथाकथित बिगुल फूंकती नजर आती हैं। जम्मू के लोग इस रियासत के महाराजा हरि सिंह को बहुत मानते हैं, लेकिन सरकार में बैठी पार्टी ने जिस तरह उनका अपमान किया, वह जम्मू के लोगों को बरदाश्त नहीं। हालांकि नेकां ने महाराजा हरि सिंह के चरणों से बैठक कर एक अच्छी शुरुआत करने की कोशिश की थी लेकिन वह उनका सम्मान बरकरार रखने में कामयाब नहीं हो पाई और बकौल भाजपा प्रवक्ता, महाराजा के अपमान को लेकर नेकां जम्मू की जनता के कोप का भाजन बनने को मजबूर हो गई। भले ही इसके पीछे नेकां के कार्यक्रम आयोजकों की लापरवाही या तथाकथित मंशा जिम्मेदार हो, लेकिन विधायकों की खरीद फरोख्त कर सरकार तोड़े जाने के उमर के दावों के बीच इस घटना ने आग में घी का काम किया है। अब भले ही नेकां दिल्ली जंतर मंतर पर प्रदर्शन करे, लेकिन ऐसा लगता है कि जम्मू संभाग की जनता की नजर में नेकां ने अपना सम्मान खोने की शुरुआत कर दी है। वैसे भी नेकां का जम्मू संभाग में कुछ खास वजूद नहीं है, लेकिन इस संभाग के विजयी नेकांई प्रदेश में उपमुख्यमंत्री हैं जो कि जम्मू के हित की बात कभी नहीं कर सके, अखनूर के विधायक भी सरकार में मंत्री हैं, लेकिन वे भी जम्मू संभाग के साथ भेदभाव को लेकर मुखर नहीं हो सके हैं। शायद सत्ता के लालच ने उन्हें जम्मू संभाग की जनता के प्रति उदासीन बना दिया है। हाल फिलहाल के हालात तो यही बताते हैं कि जम्मू-कश्मीर को स्टेट हुड प्राप्त नहीं होने वाला। लेकिन क्या कुछ बड़ा होने वाला है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा क्योंकि जिस तरह एकाएक राज्य के मुखिया उमर अब्दुल्ला आक्रामक हुए हैं, उससे उन्हें भी कुछ आशंका है वरना जैसे उन्होंने दो साल गुजारे और भी समय शांत तरीके से विरोध करते हुए अपनी मांग रखते हुए गुजार सकते थे, लेकिन जब उन्हें अपनी कुर्सी पर कुछ खतरे का अहसास हुआ तो शायद वे इसी कारण मुखर हो उठे हैं।

