झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

रांची, 09 जून (हि.स.)। ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर मंगलवार को झारखंड विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने विधानसभा परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने शोषण, अन्याय और दमन के खिलाफ संघर्ष का मार्ग दिखाया तथा समाज को स्वाभिमान, आत्मसम्मान और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही बिरसा मुंडा की अद्भुत नेतृत्व क्षमता और जनजागरण ने ब्रिटिश शासन की नींव को चुनौती दी थी।

उन्होंने कहा कि 9 जून का दिन झारखंड के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने रांची जेल में अंतिम सांस ली थी। उनका बलिदान और संघर्ष आज भी समाज को प्रेरित करता है और जनजातीय अस्मिता के प्रतीक के रूप में उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने आदिवासी समाज को संगठित कर सामाजिक चेतना और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्श समाज को न्याय, समानता और स्वाभिमान के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के सचिव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।------------

   

सम्बंधित खबर