जम्मू तवी नदी में फंसे दो लोगों को जम्मू पुलिस और SDRF ने सुरक्षित बचाया
- MILAN SINGH JAMWAL
- Jul 23, 2026
जम्मू, 23 जुलाई: जम्मू के फल्लियां मंडल क्षेत्र में गुरुवार को तवी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच नदी में फंसे दो लोगों को जम्मू पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया।
बचाए गए लोगों की पहचान फरमान अली (25 वर्ष), निवासी अल्लोरा और फारूक अहमद (28 वर्ष), निवासी सोहनजाना के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों युवक सुबह अपने मवेशियों को चराने के लिए तवी नदी के पास गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे वे नदी के बीच फंस गए और बाहर निकलना संभव नहीं रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट फल्लियां मंडल ने तुरंत पीसीआर जम्मू के माध्यम से SDRF को सूचना दी। इसके बाद एसडीपीओ सिटी साउथ, पुलिस पोस्ट फल्लियां मंडल के प्रभारी, पुलिस कर्मियों और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत और सुनियोजित प्रयासों के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। बचाव के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।जम्मू पुलिस ने इस सफल रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस और SDRF टीम की त्वरित कार्रवाई तथा बेहतर समन्वय की सराहना की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।

