भारी बारिश और भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर NH-44 और डोडा-किश्तवाड़ मार्ग बंद, प्रशासन ने की यात्रा टालने की अपिल
- Editor Chief
- Jul 23, 2026
श्रीनगर, 23 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। भूस्खलन (लैंडस्लाइड), मलबा गिरने और पहाड़ियों से पत्थर (शूटिंग स्टोन्स) गिरने की घटनाओं के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर गुरुवार को यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण कई संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़क अवरुद्ध हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।
इसके अलावा डोडा-किश्तवाड़ सड़क भी भारी वर्षा, भूस्खलन और सड़क की असुरक्षित स्थिति के कारण बंद कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग पर यात्रा न करने की अपील की है।
हालांकि, श्रीनगर–सोनमर्ग–गुमरी (SSG) रोड और ऐतिहासिक मुगल रोड फिलहाल वाहनों के लिए खुली हुई हैं। फिर भी प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम को देखते हुए इन मार्गों पर भी अत्यधिक सावधानी बरती जाए।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के विभिन्न राष्ट्रीय और आंतरिक मार्गों पर लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, पहाड़ियों से पत्थर गिरने और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील करते हुए कहा है कि मौसम सामान्य होने और सड़कों को सुरक्षित घोषित किए जाने तक यात्रा स्थगित रखें। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि किसी भी यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (TCU) से नवीनतम सड़क स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी अपडेट देखकर ही सफर करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके।

