जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट में रिसर्च असिस्टेंट के 7 पदों पर भर्ती 40 हजार रुपये मासिक वेतन

स्टेट समाचार : जम्मू, 11 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में रिसर्च असिस्टेंट के 7 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 40 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित पारिश्रमिक दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

 

भर्ती संबंधी सूचना के अनुसार, उम्मीदवार के पास बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त संस्थान से कानून में स्नातक (LLB) की डिग्री होनी चाहिए। एलएलबी में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। दो वर्ष से कम अवधि से अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित शर्तों के तहत कानून की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी भी पात्र होंगे।

 

अधिकतम आयु 33 वर्ष: उम्मीदवार की अधिकतम आयु 15 जनवरी 2026 को 33 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक का जम्मू-कश्मीर अथवा लद्दाख का डोमिसाइल होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर और कानूनी शोध से संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी भी जरूरी है।

 

एक वर्ष के लिए होगी नियुक्ति: रिसर्च असिस्टेंट की नियुक्ति प्रारंभ में एक वर्ष के लिए पूर्णतः अनुबंध के आधार पर होगी। सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से इसे एक वर्ष और बढ़ाया जा सकता है। इस नियुक्ति से नियमित सरकारी नौकरी का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा।

 

आवेदन शुल्क 250 रुपये: सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 13 अक्टूबर तक आधिकारिक पोर्टल exams.jkhc.in पर आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी और भर्ती संबंधी शर्तों के लिए हाईकोर्ट की वेबसाइट jkhighcourt.nic.in देखी जा सकती है।

   

सम्बंधित खबर