जन विश्वास 2.0 सुधारों से बढ़ेगा व्यापार में भरोसा, नियम होंगे सरल-कंट्रोलर
- Neha Gupta
- Jun 09, 2026

कठुआ, 09 जून । विधिक माप विज्ञान विभाग जम्मू-कश्मीर के कंट्रोलर शिव कुमार गुप्ता (जेकेएएस) ने मंगलवार को जिला कठुआ का विस्तृत दौरा किया और विभाग द्वारा आयोजित एक जागरूकता शिविर की अध्यक्षता की। इस शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं, व्यापारियों और संबंधित हितधारकों को लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट तथा जन विश्वास 2.0 सुधारों के प्रावधानों के बारे में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में इंडस्ट्रियल एसोसिएशन कठुआ, व्यापार मंडल कठुआ और चडवाल व्यापार संघ के पदाधिकारियों सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक संगठनों, उपभोक्ताओं और शिक्षाविदों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, माप-तौल की शुद्धता तथा निष्पक्ष व्यापार प्रथाओं के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में कंट्रोलर शिव कुमार गुप्ता ने कहा कि जन विश्वास सुधारों का मुख्य उद्देश्य व्यापार और वाणिज्य में विश्वास बढ़ाना तथा नियमों को अधिक सरल और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने एलपीजी, मोटर स्पिरिट (पेट्रोल), हाई स्पीड डीजल और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों से जुड़े लेन-देन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से लागू जन विश्वास (संशोधन) अधिनियम के तहत लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट, 2009 की कई धाराओं में संशोधन किए गए हैं। इसके अंतर्गत कई छोटे अपराधों को डिक्रिमिनलाइज किया गया है और पहली बार उल्लंघन करने वालों के लिए ‘इम्प्रूवमेंट नोटिस’ की व्यवस्था लागू की गई है जिससे व्यापारियों को सुधार का अवसर मिलेगा और अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सहायक कंट्रोलर जयदीप सिंह संब्याल ने एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से जन विश्वास 2.0 सुधारों की मुख्य विशेषताओं, उद्देश्यों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। शिविर के अंत में एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया जिसमें व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं। अधिकारियों ने इन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए विभाग द्वारा उपभोक्ता संरक्षण और निष्पक्ष व्यापार सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------

