नूरपुर पुलिस ने दो आदतन अपराधी निवारक हिरासत में धर्मशाला कारागार भेजे
- DSS Admin
- Jun 09, 2026

धर्मशाला, 09 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी के विरुद्ध अपने अभियान को और अधिक सशक्त करते हुए दो आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की है। नूरपुर पुलिस के प्रस्ताव पर हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय इन अपराधियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (पीआईटी एनडीपीएस एक्ट) के तहत नजरबंद करने के आदेश दिए हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के बाद दोनों आदतन अपराधियों को जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया गया है, जहां इन्हें आगामी 3 महीने की अवधि के लिए हिरासत में रखा जाएगा। यह कार्रवाई उन व्यक्तियों पर की गई है जो बार-बार आपराधिक मामलों में संलिप्त पाए जा रहे थे और समाज के लिए निरंतर चुनौती बने हुए थे।
हिरासत में लिए गए अपराधियों में विवेक चौधरी, निवासी गांव घार, डाकघर हरसर, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा शामिल है। उक्त आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 से 2025 के मध्य पुलिस थाना जवाली, फतेहपुर और नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं। इस दौरान इससे 72.83 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और 156.22 ग्राम चरस बरामद की गई है।
वहीं दूसरा अपराधी जनक राज उर्फ काबुआ, निवासी ग्राम तमोता, डाकघर उल्लैहरियां, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा शामिल है। उक्त आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 से 2025 के मध्य पुलिस थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं। इस दौरान इससे कुल 40.32 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और 10,500 रुपये बरामद किए गए हैं।
नूरपुर पुलिस ने इन आदतन अपराधियों की निरंतर आपराधिक गतिविधियों, बार-बार अपराध दोहराने की प्रवृत्ति और युवाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत यह कदम उठाया है।
उधर एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध पूर्णतः सख्त है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों और मुख्य सरगनाओं पर भी निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

