खड़गपुर में डंपर की चपेट में आने से सफाईकर्मी की मौत

खड़गपुर, 09 जून (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर स्थित कौशल्या मोड़ पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में नगर पालिका के स्थायी सफाईकर्मी एन. भास्कर राव की मौत हो गई। वार्ड संख्या 25 के अंतर्गत कौशल्या क्रॉसिंग के पास गिट्टी से लदे एक भारी डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारी अपने नियमित कार्य में लगे हुए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए सड़क जाम की स्थिति भी बनी रही।

सूचना पाकर खड़गपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हालांकि घटना के समय यातायात व्यवस्था और जाम की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

इस बीच, खड़गपुर नगरपालिका की चेयरपर्सन कल्याणी घोष ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह एक बेहद दुखद घटना है। हम पीड़ित परिवार के साथ हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर