सियादेही में तैयार हुआ लइका घर, बच्चों को मिलेगा बेहतर माहौल

धमतरी, 09 जून (हि.स.)। नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सियादेही में एक आकर्षक, बाल-अनुकूल और सुविधासंपन्न लइका घर विकसित किया गया है। यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण बच्चों के सपनों, संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। लइका घर को बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यहां बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक और मानसिक विकास के लिए ज्ञानवर्धक एवं स्वास्थ्यवर्धक खेल-खिलौनों की व्यवस्था की गई है।

रंग-बिरंगी दीवारों पर हिन्दी वर्णमाला, अंक, फल, सब्जियां, पशु-पक्षी, प्रकृति और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों की आकर्षक चित्रकारी बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करती है। यह वातावरण बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की स्वाभाविक रुचि को बढ़ावा देता है। ग्राम सियादेही में एक ही परिसर में लइका घर, आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के अनुसार इस व्यवस्था के तहत सात माह से तीन वर्ष तक के बच्चे लइका घर में प्रारंभिक देखभाल एवं विकासात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे। इसके बाद तीन से छह वर्ष तक वे आंगनबाड़ी में पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और पोषण सेवाओं का लाभ प्राप्त करेंगे तथा आगे चलकर उसी परिसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय में नियमित शिक्षा ग्रहण करेंगे। प्राथमिक शिक्षा पूर्ण करने के बाद समीप स्थित माध्यमिक विद्यालय में अध्ययन जारी रखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। लइका घर केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यहां बच्चों को सीखने, समझने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने का अनुकूल वातावरण मिलेगा।

   

सम्बंधित खबर