शहीद पुलिसकर्मी के घर पहुंचे एलजी मनोज सिन्हा DGP सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस
- MILAN SINGH JAMWAL
- Jul 24, 2026
श्रीनगर, 24 जुलाई: अनंतनाग के लाल चौक में आतंकवादी हमले में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के घर शुक्रवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात, आईजी, डीआईजी तथा पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
एलजी मनोज सिन्हा ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि देश को हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के सर्वोच्च बलिदान पर गर्व है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता और पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों का ढांढस बंधाया।
उल्लेखनीय है कि 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक क्षेत्र में अमरनाथ यात्रा सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी पर आतंकवादी ने नजदीक से गोलीबारी कर दी थी, जिसमें वह वीरगति को प्राप्त हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है और आतंकवादियों की तलाश में लगातार कार्रवाई जारी है।

