महिला संवाद कार्यक्रम में गूँजीं ग्रामीण महिलाओं की सशक्तिकरण की कहानियां

कटिहार, 12 मई (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन को लेकर सोमवार को जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सशक्तिकरण की कहानियां साझा कीं और अपनी समस्याओं और आकांक्षाओं को मुखरता से रखा।

कार्यक्रम में कुल 8204 महिलाओं ने भाग लिया और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। महिलाओं को वीडियो फिल्म और लीफलेट के माध्यम से बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रियान्वित महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना और मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं व्यक्त करते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

कदवा प्रखंड की इंटर में पढ़ने वाली रोजी ने अपनी आकांक्षा व्यक्त करते हुए हाई स्कूल की बालिकाओं के लिए लैपटॉप देने की बात कही, जिससे वे तकनीक आधारित शिक्षा के साथ कदम से कदम मिला कर आगे बढ़ सकें।

महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं अपने अधिकारों और हकों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रही हैं और अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित हो रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

   

सम्बंधित खबर