जम्मू में ड्रग तस्करों पर बड़ी कार्रवाई 3 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां ध्वस्त सांबा में 21 लाख की संपत्ति जब्त

जम्मू, 18 जुलाई: जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को जम्मू जिले में करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध रूप से निर्मित संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिला प्रशासन और जम्मू पुलिस ने संयुक्त रूप से निक्की तवी और बिश्नाह क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान की।
 
अधिकारियों के अनुसार, जिन संपत्तियों को गिराया गया, वे कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से बनाई गई थीं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से पहले की जांच में हेरोइन और अवैध हथियार भी बरामद किए जा चुके हैं।
 
बिश्नाह तहसील के इस्माइलपुर कोठे में संयुक्त टीम ने लगभग 1.50 करोड़ रुपये मूल्य की दो मंजिला अवैध इमारत को ध्वस्त किया। वहीं, निक्की तवी क्षेत्र में दो अन्य ड्रग तस्करों की करीब 1.30 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को भी गिराया गया तथा अतिक्रमित सरकारी भूमि को खाली कराया गया।
इस बीच, सांबा जिले में पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक कुख्यात महिला ड्रग तस्कर की लगभग 21 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली। जब्त संपत्ति में बारी ब्राह्मणा के अपर बलोले क्षेत्र स्थित एक कच्चा मकान भी शामिल है।
 
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान यह संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदी गई पाई गई, जिसके बाद कानून के तहत इसे जब्त करने की कार्रवाई की गई।पुलिस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करों और उनकी अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

   

सम्बंधित खबर