महबूबा मुफ्ती ने महाराजा हरि सिंह के खिलाफ उगला ज़हर1931 में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि
- Purminder Singh
- Jul 13, 2026
श्रीनगर, 13 जुलाई: पीडीपी प्रमुख और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार को 1931 की घटनाओं में मारे गए 22 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तत्कालीन महाराजा हरि सिंह के शासन पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी निशाना साधा।
पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान महबूबा मुफ्ती ने दावा किया कि 1931 में श्रीनगर सेंट्रल जेल के बाहर तत्कालीन "निरंकुश शासन" के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 22 कश्मीरियों की गोलीबारी में मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि इन लोगों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता और उनकी याद को सम्मान देना जरूरी है।
महबूबा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इतिहास को बदलने और जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक घटनाओं को लोगों की स्मृति से मिटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देना लोकतांत्रिक अधिकार है और इसे रोका नहीं जाना चाहिए।
गौरतलब है कि 13 जुलाई 1931 को श्रीनगर सेंट्रल जेल के बाहर हुई गोलीबारी में 22 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना को लेकर अलग-अलग ऐतिहासिक और राजनीतिक दृष्टिकोण मौजूद हैं। 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन से पहले 13 जुलाई को सरकारी अवकाश घोषित किया जाता था, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया।

