क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू और बीबीआईए के बीच एमओयू, उद्योग-अकादमिक सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

जम्मू। स्टेट समाचार
उद्योग और शिक्षा के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू और बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के बीच बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य छात्रों के कौशल विकास, तकनीकी उन्नयन और रोजगार क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच मजबूत सहयोग स्थापित करना है। एमओयू पर हस्ताक्षर कुलपति प्रो. के. एस. चंद्रशेखर की उपस्थिति में हुए। इस अवसर पर डीन अकादमिक प्रो. ट्विंकल सूरी, रजिस्ट्रार अंकुर महाजन, डीन रिसर्च प्रो. सतिंदर कौर, विभिन्न स्कूलों के डीन, डीएसडब्ल्यू प्रो. विशाल शर्मा, वित्तीय सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी नागेश जमवाल, निदेशक एक्सटेंशन एंड आउटरीच डॉ. शफिया सलीम तथा विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बीबीआईए की ओर से अध्यक्ष तरुण सिंगला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विराज मल्होत्रा, सचिव और कार्यकारिणी सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
कुलपति प्रो. के. एस. चंद्रशेखर ने कहा कि यह साझेदारी छात्रों और शिक्षकों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं बीबीआईए के अध्यक्ष तरुण सिंगला ने कहा कि इस सहयोग के माध्यम से उद्योग और विश्वविद्यालय अपनी विशेषज्ञता साझा करते हुए छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराएंगे। एमओयू के तहत छात्रों के लिए औद्योगिक भ्रमण, इंटर्नशिप, कॉरपोरेट इमर्शन, नेतृत्व विकास कार्यक्रम, संयुक्त इन्क्यूबेशन पहल, कार्यशालाएं और कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीबीआईए विश्वविद्यालय को पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण पद्धति को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए सुझाव देगा तथा छात्रों और शिक्षकों के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण की व्यवस्था करेगा। वहीं क्लस्टर यूनिवर्सिटी अपने प्रयोगशालाओं और कार्यशालाओं का उपयोग प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराएगी तथा उद्योगों को शैक्षणिक परामर्श सेवाएं भी प्रदान करेगी।
दो वर्षों की अवधि के लिए किए गए इस समझौते में नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने और परिणामों तथा प्लेसमेंट के आधार पर इसे आगे बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया है। कार्यक्रम का समन्वय निदेशक एक्सटेंशन एंड आउटरीच डॉ. शफिया सलीम ने किया।
 

   

सम्बंधित खबर