रामबन जिले के चंदरकोट में अमरनाथ यात्रियों के काफिले की कई वाहनों में टक्कर 18 श्रद्धालु घायल सभी की हालत स्थिर

रामबन, 13 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के चंदरकोट क्षेत्र स्थित लंगर प्वाइंट पर सोमवार को अमरनाथ यात्रा के काफिले में शामिल कई वाहनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में 18 अमरनाथ यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। उपायुक्त (डीसी) रामबन के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब पहलगाम मार्ग की ओर जा रही यात्रा के काफिले में शामिल जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम (JKRTC) की दो बसें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद एक बस आगे चल रही कार से जा भिड़ी, जिससे कार आगे खड़ी एक निजी बस से टकरा गई।

हादसे में घायल सभी 18 श्रद्धालुओं को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर