नमो भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 1.25 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर ने यात्री संख्या का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 8 जून को एक ही दिन में लगभग 1.25 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान की। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एनसीआरटीसी के अनुसार, सोमवार को कॉरिडोर पर करीब 1,25,500 यात्रियों ने यात्रा की, जो अबतक की सबसे अधिक दैनिक यात्री संख्या है। एनसीआरटीसी ने कहा कि यह उपलब्धि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लोगों की यात्रा संबंधी आदतों में आ रहे बदलाव को दर्शाती है, जहां बड़ी संख्या में यात्री तेज, भरोसेमंद और समयबद्ध सार्वजनिक परिवहन के रूप में नमो भारत को प्राथमिकता दे रहे हैं।
एनसीआरटीसी ने बताया कि वर्तमान में औसतन करीब एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी इसके बढ़ते उपयोग का प्रमुख कारण है। समय की पाबंदी और विश्वसनीयता को महत्व देने वाले कार्यालय कर्मी, छात्र और अन्य नियमित यात्री बड़ी संख्या में इस सेवा को अपना रहे हैं।
बढ़ती मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने हाल ही में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर व्यस्त समय के दौरान नमो भारत ट्रेनों के 18 अतिरिक्त फेरे भी शुरू किए हैं। एनसीआरटीसी का कहना है कि अतिरिक्त सेवाओं से यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और बढ़ती यात्री संख्या को बेहतर ढंग से संभालने में मदद मिलेगी।
---------------

