जम्मू के एनसी नेताओं को पार्टी छोडक़र अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए : अभिजीत जसरोटिया

 जम्मू के साथ भेदभाव का आरोप, भाजपा ने एनसी-कांग्रेस पर साधा निशाना
जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता डॉ. अभिजीत सिंह जसरोटिया ने शुक्रवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और कांग्रेस पर जम्मू क्षेत्र की उपेक्षा करने तथा उसकी पहचान और इतिहास का अनादर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि जम्मू के एनसी नेताओं में क्षेत्र और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता है तो उन्हें पार्टी से इस्तीफा देकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। डॉ. जसरोतिया ने हाल ही में एनसी के एक वरिष्ठ नेता के बयान का हवाला देते हुए कहा कि इससे जम्मू संभाग के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि डोगरा पहचान सभी धर्मों और समुदायों का प्रतिनिधित्व करती है तथा महाराजा हरि सिंह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसी ने सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने के बावजूद महाराजा हरि सिंह के योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया।भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एनसी और कांग्रेस ने वर्षों तक जम्मू को राजनीतिक प्रतिनिधित्व, विकास और रोजगार के मामलों में बराबरी का अवसर नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद विकास कार्यों को गति मिली, लेकिन वर्तमान सरकार में यह रफ्तार धीमी पड़ गई है। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। पत्रकार वार्ता में मौजूद एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष धर्मिंदर कुमार ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने अनुसूचित जातियों और कमजोर वर्गों के साथ न्याय नहीं किया, जबकि एसटी मोर्चा के नेता अली मोहम्मद ने आरोप लगाया कि आदिवासी और अन्य वंचित समुदायों का केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल किया गया। इस दौरान मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा, वरिष्ठ नेता एस. वरिंदरजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर