सच्चे मन से बुलाने पर अवश्य प्रकट होते है भगवान: स्वामी शांतिस्वरूपानंद
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
जोधपुर, 08 जून (हि.स.)। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर दी नारायण शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में जालोरी गेट स्थित महालक्ष्मी स्कूल प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन सोमवार को नृसिंह अवतार सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
आयोजन समिति सदस्य ललित थानवी ने बताया कि कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी शांतिस्वरूपानंद गिरी महाराज ने कथा के दौरान नृसिंह अवतार प्रसंग का संगीतमय वाचन करते हुए भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि जब कोई भक्त सच्चे मन से भगवान का स्मरण करता है और विपत्ति में उनकी पुकार करता है, तो भगवान उसकी रक्षा के लिए अवश्य प्रकट होते हैं। कथा के दौरान नृसिंह अवतार की जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। झांकी में कृष्णा थानवी ने भक्त प्रहलाद, वंश पुरोहित ने हिरण्यकश्यप तथा राजकुमार शर्मा ने भगवान नृसिंह का पात्र निभाया। कार्यक्रम के प्रारंभ में यजमानों द्वारा भागवत ग्रंथ एवं कथा व्यास का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन 12 जून तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। भागवत कथा में प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों का वाचन किया जा रहा है। इसी क्रम में नौ जून को गजेन्द्र मोक्ष, वामन अवतार, राम कथा, कृष्ण जन्म, दस जून को नन्द महोत्सव, गिरिराज महोत्सव, 56 भोग, 11 जून को कंस वध, महा रासलीला, रुकमणि विवाह, 12 जून को सुदामा चरित्र, कथा पूर्ण आहुति, महाआरती, प्रसादी वितरण होगा। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक जोधपुर के विख्यात कलाकारों द्वारा भजन संध्या आयोजित की जा रही है।

