Narco-terrorism जम्मू-कश्मीर में अब नशा तस्करों के लिए नहीं कोई सुरक्षित ठिकाना रियासी पुलिस ने चार तस्करों को जेल भेजा
- Editor Chief
- Jul 21, 2026
रियासी, 20 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में चल रहे 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत रियासी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आदतन नशा तस्करों को प्रिवेंशन ऑफ इलिसिट ट्रैफिकिंग इन नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (PIT NDPS) Act, 1988 के तहत निरुद्ध कर विभिन्न जेलों में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। इनके खिलाफ थाना कटड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। बार-बार कानूनी कार्रवाई के बावजूद ये नशे के कारोबार से बाज नहीं आए और लगातार समाज तथा कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बने रहे।
रियासी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर विस्तृत डोजियर तैयार किए और जिला पुलिस कार्यालय के माध्यम से संभागीय आयुक्त, जम्मू को भेजे। उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद संभागीय आयुक्त ने 18 जुलाई 2026 को चारों के खिलाफ PIT NDPS Act के तहत निरोधात्मक हिरासत (Detention) के आदेश जारी किए। आदेशों के अनुपालन में रियासी पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें संबंधित जेलों में भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनजीत कौर और संजना को जिला जेल उधमपुर, जबकि राकेश कुमार और पवन सिंह को केंद्रीय जेल कोट भलवाल, जम्मू में निरुद्ध किया गया है। रियासी पुलिस ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई कर समाज को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाया जा सके।

