62वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि
- DSS Admin
- May 27, 2026
पटना, 27 मई (हि.स.)।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के अध्यक्षता में कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया।
पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू का जीवन ही वैश्विक आदर्श है। सामाजिक न्याय व वैज्ञानिक दृष्टिकोण आधारित दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक के रूप में पंडित नेहरू को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत की जिस मजबूत नींव को स्थापित किया और एक समावेशी, सौहार्दपूर्ण व प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया वो हम सब के लिए प्रेरणादायक है।
स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित नेहरू का दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा देश को उन्नति के मार्ग पर प्रशस्त करता है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश की सामूहिक चेतना को प्रेरित किया और समावेशी व प्रगतिशील राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किया।
---------------

