देश के 6 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त राष्ट्रपति ने जारी किए आदेश कर्नाटक उत्तराखंड और सिक्किम में नए चेहरे
- Editor Chief
- Oct 13, 2026
स्टेट समाचार / नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और तबादलों को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति भवन की ओर से 12 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम में नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। इस फेरबदल में चार नए चेहरों को राज्यपाल बनाया गया है, जबकि दो मौजूदा राज्यपालों को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रपति ने सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है। ओम प्रकाश माथुर राजस्थान के वरिष्ठ भाजपा नेता रहे हैं और पार्टी संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर इससे पहले हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं।
हरियाणा की पूर्व सांसद और भाजपा की वरिष्ठ नेता डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह थावरचंद गहलोत का स्थान लेंगी। सुधा यादव महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुकी हैं और भाजपा के संसदीय बोर्ड की सदस्य भी रही हैं।
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। बिसेन बालाघाट से सांसद और चार बार विधायक रह चुके हैं।
इसी प्रकार भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। गौतम भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों पर कार्य कर चुके हैं। वहीं, पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है।
इन 6 राज्यों में नियुक्त किए गए नए राज्यपाल
* केरल — ओम प्रकाश माथुर
* तमिलनाडु — राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर
* ओडिशा — ब्रज मोहन राम
* कर्नाटक — डॉ. सुधा यादव
* उत्तराखंड — डॉ. ढाल सिंह बिसेन
* सिक्किम — दुष्यंत गौतम
राष्ट्रपति भवन के अनुसार, सभी नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों द्वारा अपने-अपने राज्यों में पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी। इस फैसले के साथ छह राज्यों के राजभवनों में नेतृत्व परिवर्तन होगा।

