उत्तरी वजीरिस्तान में पाकिस्तान की बड़ी कार्रवाई, 27 विद्रोही ढेर
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
इस्लामाबाद, 09 जून (हि.स.)। पाकिस्तान के उत्तरी वज़ीरिस्तान जिले में सुरक्षा बलों ने बड़े आतंकवाद-रोधी अभियान में 27 आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना रविवार काे दावा किया कि पिछले 72 घंटों के दौरान मीरान शाह क्षेत्र में खुफिया सूचना के आधार पर कई अभियान चलाए गए।
पाकिस्तान के मीडिया रिपाेर्टस में आईएसपीआर के हवाले से बताया गया है कि सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में मौजूद कथित फ़ित्ना अल-खवारिज के कई ठिकानों को निशाना बनाया। सेना के बयान में कहा गया कि भीषण मुठभेड़ के बाद 27 आतंकवादी मारे गए और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया गया। मारे गए आतंकवादी कई आतंकी घटनाओं और निर्दोष नागरिकों की लक्षित हत्याओं में शामिल थे।
पाकिस्तानी सेना ने कहा किइस अभियान के जरिए मलिक सैफुल्ला डावर की हत्या में शामिल समूह को समाप्त कर दिया गया है और उनके लिए न्याय सुनिश्चित किया गया है। बयान में कहा गया कि, क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और देश में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल हर संभव कदम उठाते रहेंगे।
वहीं, पाकिस्तान का कहना है कि उसने आतंकवाद विरोधी अभियान ऑपरेशन गज़ब लिल-हक शुरू किया, जिसमें कई आतंकवादी मारे गए और अनेक घायल हुए। रिपोर्ट के अनुसार, तालिबान के 2021 में अफ़गानिस्तान में सत्ता में लौटने के बाद पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में आतंकी गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है।
अक्टूबर 2025 से पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव बना हुआ है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफ़गान तालिबान और उससे जुड़े तत्वों ने उसकी सीमा चौकियों पर हमले किए, जिसके बाद दोनों देशों के बीच कई बार झड़पें हुईं। हालांकि विभिन्न स्तरों पर बातचीत के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। पाकिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार सक्रिय आतंकवादी संगठनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण सुरक्षा चुनौतियां बनी हुई हैं।
-----------------

