30 वीं प्री यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में मुरादाबाद के निशानेबाजों ने दिखाया दम
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
मुरादाबाद, 09 जून (हि.स.)। शार्प शूटिंग एकेडमी मुरादाबाद की कोच अनामिका चौधरी ने मंगलवार काे बताया कि उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से नोएडा में चार से आठ जून तक आयोजित 30 वीं प्री यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जिले के निशानेबाजों ने न केवल मेडल जीता, बल्कि आगामी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए भी मजबूत दावेदारी पेश की।
प्रतियोगिता में होनहार निशानेबाज वरुण चौधरी, दिव्यांश सिंह और रॉबिन मसीह ने टीम स्पर्धा में बेहतरीन तालमेल और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि जिले के सभी 21 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगामी उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों में कई युवा प्रतिभाएं शामिल हैं। जिन्होंने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। कोच अनामिका चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत व बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगामी मुख्य राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में यह निशानेबाज स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करेंगे।
----------

