पीओजेके में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई बंद करे पाकिस्तान सरकार महबूबा मुफ्ती

श्रीनगर, 30 जुलाई: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (POJK) की स्थिति पर चिंता जताते हुए पाकिस्तान सरकार से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई तुरंत रोकने और बल प्रयोग के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की है।


महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा कि नियंत्रण रेखा (LoC) के पार कश्मीर से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वे बेहद दुखद और चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ बल प्रयोग किया जाना बेहद पीड़ादायक है।


उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांगें प्रथम दृष्टया वास्तविक और जायज प्रतीत होती हैं, इसलिए पाकिस्तान सरकार को उनके साथ संवाद करना चाहिए, न कि दमन का रास्ता अपनाना चाहिए।
महबूबा ने कहा, "कोई भी देश अपने ही लोगों को अधिकारों से वंचित करके या बंदूक के बल पर उनकी आवाज दबाकर मजबूत नहीं बन सकता।

सरकार को शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई और गोलियां चलाना तुरंत बंद करना चाहिए। कश्मीर के लोगों को सम्मान, न्याय और अपनी बात रखने का अधिकार मिलना चाहिए, न कि दमन का सामना करना पड़े।"


एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जून की शुरुआत से लेकर हालिया हिंसा तक प्रदर्शनकारियों, सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों समेत कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है।
गौरतलब है कि जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) नामक विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के संयुक्त मंच ने पिछले महीने से पीओजेके की तथाकथित क्षेत्रीय विधानसभा की 12 विवादित सीटों के मुद्दे को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन शुरू कर रखा है। इन्हीं प्रदर्शनों के दौरान कई स्थानों पर हिंसक झड़पें हुई हैं।

   

सम्बंधित खबर