पुरानी दिल्ली से पाकिस्तानी नागरिक पकड़ा, नेपाल के रास्ते भारत में घुसने का आरोप

नई दिल्ली, 19 अगस्त। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राष्ट्रीय राजधानी में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को पुरानी दिल्ली इलाके से पकड़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था और दिल्ली में एक रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी नागरिक को 15 अगस्त को क्राइम ब्रांच ने पुरानी दिल्ली से हिरासत में लिया था। जांच के दौरान उसके भारत में प्रवेश और यहां रहने से संबंधित दस्तावेजों तथा गतिविधियों की पड़ताल की गई।

मां मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली

जांच में सामने आया कि पकड़े गए व्यक्ति की मां मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली थी। बाद में उसने एक पाकिस्तानी नागरिक से शादी की और पाकिस्तानी नागरिकता हासिल कर ली। एजेंसियां इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि के साथ यह भी पता लगा रही हैं कि उक्त व्यक्ति भारत क्यों आया और दिल्ली में उसकी गतिविधियां क्या थीं।

नेपाल के रास्ते भारत में किया प्रवेश

पुलिस सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी नागरिक ने नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वह दिल्ली पहुंचा और यहां एक रेस्टोरेंट में काम करने लगा। वह कितने समय से भारत में रह रहा था तथा नेपाल से किस रास्ते भारत में दाखिल हुआ, इन तथ्यों की भी जांच की गई है।

केंद्रीय एजेंसियों ने भी की पूछताछ

मामला पाकिस्तानी नागरिक से जुड़ा होने के कारण केंद्रीय एजेंसियों ने भी उससे विस्तृत पूछताछ की। उसके पाकिस्तान स्थित संपर्कों, भारत आने के उद्देश्य और दिल्ली में रहने के दौरान की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। हालांकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार अब तक की पूछताछ में कोई आतंकी कनेक्शन सामने नहीं आया है। किसी आतंकवादी संगठन अथवा आतंकी साजिश से उसके जुड़े होने की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है।

FRRO को सौंपा, पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया

पूछताछ पूरी होने के बाद पाकिस्तानी नागरिक को Foreigners Regional Registration Office (FRRO) के हवाले कर दिया गया है। उसके खिलाफ लागू आव्रजन एवं विदेशी नागरिक संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने फिलहाल पकड़े गए व्यक्ति का नाम, उम्र और पाकिस्तान में उसके पते सहित कई विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं। एजेंसियां उसके नेपाल के रास्ते भारत आने और यहां रहने से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही हैं

   

सम्बंधित खबर