जम्मू-कश्मीर के 23 अधिकारियों के IAS बनने का रास्ता साफ, DoPT ने चयन सूचियां की अधिसूचित
- Editor Chief
- Aug 28, 2026
जम्मू, 28 अगस्त। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के AGMUT कैडर में पदोन्नत करने के लिए वर्ष 2019 और 2020 की चयन सूचियां अधिसूचित कर दी हैं। इस फैसले से जम्मू-कश्मीर के 23 अधिकारियों के IAS में पदोन्नत होने का रास्ता साफ हो गया है। भारत सरकार की ओर से 28 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, इन चयन सूचियों में जम्मू-कश्मीर खंड के राज्य सिविल सेवा अधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं। सूची 24 अप्रैल 2026 को तैयार की गई थी और इसे 3 अगस्त 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई।यह चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (पदोन्नति द्वारा नियुक्ति) विनियम, 1955 के अंतर्गत किया गया है। चयनित अधिकारियों को उपलब्ध पदोन्नति कोटे की रिक्तियों के विरुद्ध AGMUT कैडर में IAS नियुक्त किया जाएगा।
वर्ष 2019 की चयन सूची में 18 अधिकारी
एक जनवरी से 31 दिसंबर 2019 के बीच उत्पन्न रिक्तियों के विरुद्ध निम्नलिखित अधिकारियों को चयन सूची में शामिल किया गया है:
1. बबीला रकवाल
2. अनिल कौल
3. शबनम शाह कामिली
4. डॉ. गुलाम नबी इत्तू
5. रचना शर्मा
6. लीला पाधा
7. कुसुम बड्याल
8. राजिंदर सिंह तारा
9. विवेक शर्मा
10. तारिक हुसैन गनई
11. मुनीर-उल-इस्लाम
12. मोहम्मद हारून मलिक
13. निसार अहमद वानी
14. जतिंदर सिंह
15. सजाद हुसैन गनई
16. अनू मल्होत्रा
17. शमीम अहमद
18. नीतू गुप्ता
अधिसूचना के अनुसार, सूची में क्रम संख्या 13 पर शामिल निसार अहमद वानी का नाम राज्य सरकार द्वारा सत्यनिष्ठा प्रमाणपत्र (Integrity Certificate) प्रदान किए जाने की शर्त पर अस्थायी रूप से शामिल किया गया है।
वर्ष 2020 की चयन सूची में पांच अधिकारी
एक जनवरी से 31 दिसंबर 2020 के बीच उत्पन्न रिक्तियों के विरुद्ध निम्नलिखित पांच अधिकारियों का चयन किया गया है:
1. प्रदीमन कृष्ण भट
2. तारिक अहमद जरगर
3. भवानी रकवाल
4. स्मिता सेठी
5. अनुराधा गुप्ता
इसके अतिरिक्त निसार अहमद वानी का नाम भी वर्ष 2020 की चयन सूची में सामान्य संख्या से अतिरिक्त स्थान पर शामिल किया गया है। उनका चयन भी राज्य सरकार द्वारा सत्यनिष्ठा प्रमाणपत्र दिए जाने की शर्त के अधीन रहेगा।
पदोन्नति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण प्रगति
DoPT की इस अधिसूचना को जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की लंबे समय से लंबित IAS पदोन्नति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। औपचारिक नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद चयनित अधिकारी AGMUT कैडर के IAS अधिकारी के रूप में सेवाएं दे सकेंगे। AGMUT कैडर में अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम तथा विभिन्न केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद यहां नियुक्त IAS अधिकारी भी इसी संयुक्त कैडर का हिस्सा हैं

