किश्तवाड़ में आतंकियों के मददगार नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एक और आरोपी गिरफ्तार

किश्तवाड़, 21 जुलाई: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों के मददगार नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चटरू क्षेत्र से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विदेशी आतंकियों को सहयोग और सहायता पहुंचाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी पुलिस स्टेशन चटरू में दर्ज एफआईआर संख्या 03/2026 के तहत की गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 61(2), 109, 147, 148, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराएं 13, 16, 18, 19 और 20, तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 7/27 लागू हैं।
एसएसपी किश्तवाड़ नरेश सिंह (JKPS) ने बताया कि विस्तृत जांच और लक्षित अभियान के बाद पुलिस ने मोहम्मद रफीक नाइक, पुत्र गुलाम अली नाइक, निवासी द्वाथेर, सिंहपुर को गिरफ्तार किया है।

 

 

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चटरू क्षेत्र में सैफुल्लाह ग्रुप का मुख्य हैंडलर के रूप में काम कर रहा था और क्षेत्र में सक्रिय विदेशी आतंकवादी समूह को सक्रिय सहायता उपलब्ध करा रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी जांच में एक महत्वपूर्ण सफलता है। अब उसके पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और विदेशी आतंकी संगठन से उसके संबंधों की गहन जांच की जा रही है। इससे पहले इसी मामले में पुलिस मुनीर अहमद और मशकूर अहमद, दोनों निवासी चटरू, किश्तवाड़, को भी आतंकियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।

 

 

 

 


जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और आतंकियों को समर्थन देने वाले पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। मामले में शामिल पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि आतंकवाद और आतंकियों के मददगारों के प्रति उसकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।

   

सम्बंधित खबर