खड़गपुर मंडल के कर्मचारियों ने लौटाया यात्रियों का सामान
- DSS Admin
- Jun 09, 2026

खड़गपुर, 09 जून (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के रेलवे कर्मचारियों ने अपनी सतर्कता, ईमानदारी और यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों के खोए हुए सामान को बरामद कर सुरक्षित लौटाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है।
मंगलवार दोपहर रेलवे द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी में बताया गया, पहली घटना सोमवार की है, जब रेल मदद पोर्टल पर ट्रेन संख्या 12221 पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री ने अपना आईपैड खो जाने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही टिकट जांच स्टाफ शहजादा खान, सीटीआई/हावड़ा ने तत्काल एच-एक कोच में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आईपैड को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया और उसके सुरक्षित संरक्षण तथा वास्तविक मालिक तक पहुंचाने के लिए रायपुर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सौंप दिया गया।
दूसरी घटना में रविवार को ट्रेन संख्या 12261 मुंबई-हावड़ा एसी दुरंतो एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान टीटीआई/हावड़ा मिहिर कुमार को एक लावारिस बैग मिला। जांच में पता चला कि यह सामान नागपुर से रायपुर की यात्रा कर रहे एक यात्री का था, जो ट्रेन में ही छूट गया था। मिहिर कुमार ने तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए सामान को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया तथा आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर उसे बिलासपुर में रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द कर दिया।
---------------

