पुंछ-राजौरी में राहत अभियान जारी हरसंभव मदद दी जा रही है उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 21, 2026
श्रीनगर, 21 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि पुंछ और राजौरी जिलों में भारी बारिश से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
पत्रकारों से बातचीत में उपराज्यपाल ने बताया कि जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं।उन्होंने कहा कि अधिकांश शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि लापता लोगों की तलाश का अभियान अभी भी जारी है।
मनोज सिन्हा ने कहा, "मैं उन सभी परिवारों को आश्वस्त करना चाहता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है कि सरकार और प्रशासन इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।"
उपराज्यपाल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे फोन पर बात की है और केंद्र सरकार की ओर से राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।उन्होंने बचाव कार्य में जुटे प्रशासनिक अधिकारियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस तथा अन्य एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्व निभा रहे हैं।
इस दौरान उपराज्यपाल ने 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर' अभियान के 100 दिन पूरे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नशे से प्रभावित लोगों की पहचान कर उनके पुनर्वास की योजना तैयार की गई है। साथ ही, सरकार एक स्थायी पुनर्वास नीति तैयार कर रही है ताकि नशा विरोधी अभियान को लंबे समय तक प्रभावी ढंग से जारी रखा जा सके।

