वाराणसी: संविधान दिवस पर 7 नेवल यूनिट एनसीसी, बीएचयू, ग्रुप मुख्यालय वाराणसी ‘ए’ के कैडेट्स ने ली शपथ

वाराणसी, 27 नवंबर (हि.स. )। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को 7 नेवल यूनिट एनसीसी, बीएचयू, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी ‘ए’ के कैडेट्स ने संविधान की शपथ ली। इस अवसर पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कैडेट्स ने भारत के संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे मूल आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। इस शपथ ने कैडेट्स में राष्ट्रीय चेतना, एकता और जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

इस अवसर पर यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर निखिल वैश ने कैडेट्स को संविधान की महत्ता को बताया और उसके पालन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, और इसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। कमांडिंग ऑफिसर ने कैडेट्स को सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा आदर्श नागरिक बनने का संदेश दिया।

शपथ ग्रहण समारोह ने न केवल कैडेट्स को प्रेरित किया, बल्कि युवाओं के बीच राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 7 नेवल यूनिट एनसीसी द्वारा किया गया यह प्रयास देशप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को सशक्त बनाता है ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर