रक्षा मंत्री से मिले सत शर्मा, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और मुआवजे के मुद्दे उठाए
- Rahul Sharma
- Jul 23, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, सीमा अवसंरचना और सीमा पर रहने वाले लोगों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट रहने वाले परिवारों की समस्याओं से अवगत कराते हुए सामुदायिक एवं व्यक्तिगत बंकरों के उन्नयन और रखरखाव की आवश्यकता पर जोर दिया। सत शर्मा ने रक्षा अवसंरचना और रणनीतिक परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की गई सीमावर्ती लोगों की भूमि के लंबित मुआवजे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र और न्यायसंगत मुआवजा दिया जाए, ताकि राष्ट्रीय हित में योगदान देने वाले लोगों को उनका अधिकार मिल सके।
बैठक में सत शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सुरक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास को नई गति मिली है। उन्होंने सीमा गांवों को देश के "अंतिम गांव" नहीं बल्कि "प्रथम गांव" मानते हुए वहां बुनियादी ढांचे, संपर्क सुविधाओं और रोजगार के अवसरों के तेजी से विकास की आवश्यकता पर बल दिया। सत शर्मा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर सीमावर्ती आबादी की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा 'नेशन फर्स्ट' की भावना के साथ सीमा पर रहने वाले लोगों के हितों की आवाज उठाती रहेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए बंकरों और भूमि मुआवजे से जुड़े मामलों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों से सीधे संवाद करने तथा जमीनी स्थिति का आकलन करने पर भी विचार करेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जम्मू-कश्मीर स्थायी शांति और समग्र विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

