दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री से मिले सत शर्मा, जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा और विकास पर हुई चर्चा
- Rahul Sharma
- Jul 22, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा परिदृश्य, आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की रणनीति तथा केंद्र शासित प्रदेश में शांति और सामान्य स्थिति को और मजबूत बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान सत शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रक्षा मंत्रालय की राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हाल ही में "12 साल बेमिसाल" जनसंपर्क अभियान के तहत संजय सेठ का कश्मीर दौरा लोगों का विश्वास मजबूत करने वाला रहा और इससे जम्मू-कश्मीर के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई। सत शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की आतंकवाद के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति के चलते जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा मिला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में लौट रही शांति और विकास से कुछ तत्व असहज हैं और वे माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिनके खिलाफ पूरे देश को एकजुट रहना चाहिए।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की कुछ मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों पर भी शांति प्रयासों का पर्याप्त समर्थन नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता दे। इस अवसर पर सत शर्मा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ को जम्मू-कश्मीर के विकास एवं सुरक्षा संबंधी पहलों का जायजा लेने के लिए पुनः प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया। वहीं, संजय सेठ ने भाजपा संगठन के जनसंपर्क प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति, मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा और समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुलाकात के दौरान उन्होंने सद्भावना स्वरूप सत शर्मा को कुछ पुस्तकें भी भेंट कीं।

