1 अक्टूबर से जम्मू संभाग के स्कूलों का बदलेगा समय नया शेड्यूल जारी
- MILAN SINGH JAMWAL
- Sep 29, 2026
Yजम्मू, 29 सितंबर। जम्मू संभाग के सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन जम्मू (DSEJ) की ओर से जारी आदेश के अनुसार नया समय 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। यह व्यवस्था हायर सेकेंडरी स्तर तक के स्कूलों पर लागू होगी।
नए शेड्यूल के मुताबिक समर जोन के स्कूल सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित होंगे। वहीं विंटर जोन के स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलेंगे।
समर जोन में वर्तमान व्यवस्था के तहत स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चल रहे हैं। यह शेड्यूल 30 सितंबर तक प्रभावी है और इसके बाद 1 अक्टूबर से नया समय लागू हो जाएगा।
डायरेक्टोरेट ने सभी संबंधित सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को निर्धारित समय का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय से किसी प्रकार का विचलन पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
स्कूलों के समय में बदलाव संबंधी आदेश 26 सितंबर 2026 को जारी किया गया था, जबकि संशोधित समय 1 अक्टूबर से प्रभावी होगा।

