शोपियां पुलिस का नशा तस्करों पर एक और प्रहार, ड्रग्स की कमाई से खरीदा लोड कैरियर जब्त
- Editor Chief
- Jul 21, 2026
शोपियां, 21 जुलाई: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शोपियां जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स की अवैध कमाई से खरीदे गए एक लोड कैरियर वाहन को जब्त (अटैच) कर लिया है। पुलिस के अनुसार, लोड कैरियर (रजिस्ट्रेशन नंबर JK03J-9305), जिसकी अनुमानित कीमत 1,63,778 रुपये है, हिलाल अहमद भट पुत्र गुलाम मोहम्मद भट, निवासी दरमदोरा कीगाम का है।
जांच में सामने आया कि यह वाहन मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित धन से खरीदा गया था। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन हीरपोरा के FIR नंबर 51/2025 के संबंध में की गई। वाहन को कानून के प्रावधानों के तहत विधिवत अटैच किया गया। पुलिस ने बताया कि जब्ती की पूरी प्रक्रिया कार्यपालक मजिस्ट्रेट (Executive Magistrate) और पुलिस की गठित टीम की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता और कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए संपन्न की गई।
शोपियां पुलिस ने दोहराया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और न केवल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई होगी, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित उनकी संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी या इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के खतरे से मुक्त बनाने के अभियान को और मजबूत किया जा सके।

