15 जुलाई से शुरू होगी श्री हुध माता त्रिसंध्या यात्रा, डीसी किश्तवाड़ ने तैयारियों की समीक्षा की

जम्मू। स्टेट समाचार
उपायुक्त किश्तवाड़ पंकज कुमार शर्मा ने 15 जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक श्री हुध माता त्रिसंध्या यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिला एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की। बैठक में यात्रा के सुचारु, सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई को पवित्र छड़ी मुबारक श्री गौरी शंकर मंदिर, सरकूट पहुंचेगी। उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों की सफाई, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, श्री गौरी शंकर मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था, यात्रा मार्ग की मरम्मत तथा किश्तवाड़ से श्री हुध माता भवन तक आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में संबंधित विभागों को सौर एवं सामान्य प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छता प्रबंधन, आवास, परिवहन तथा स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा दलों की तैनाती, एंबुलेंस उपलब्ध कराने और निशुल्क दवाओं की व्यवस्था करने को भी कहा गया। सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किश्तवाड़ नरेश सिंह ने यात्रा के दौरान व्यापक सुरक्षा प्रबंध, अग्रिम पुलिस तैनाती, निगरानी और भीड़ प्रबंधन की जानकारी दी। संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ टीमों की तैनाती भी की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए लंगर स्थलों पर डस्टबिन लगाने, नियमित सफाई अभियान चलाने तथा श्रद्धालुओं को पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में एक सार्वजनिक एडवाइजरी भी जारी की जाएगी।
बैठक में नगर परिषद किश्तवाड़ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और ब्लॉक विकास अधिकारी को श्री गौरी शंकर मंदिर, सरकूट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला यातायात निरीक्षक को यात्रा के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा गया। बैठक में सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष महंत राम सरन दास जी महाराज तथा श्री हुध माता यात्रा प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों ने यात्रा से जुड़े विभिन्न सुझाव और मांगें रखीं। उपायुक्त ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

   

सम्बंधित खबर