सीवान स्टेशन पर दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 60 हजार रुपये के तीन मोबाइल बरामद

सीवान, 09 जून (हि.स.)। रेल यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को जीआरपी सीवान, सीपीडीएस टीम और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में मंगलवार को सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर गश्त और अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक महिला यात्री आसिया बेगम का वीवो कंपनी का मोबाइल छीनकर भाग रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने पीछा कर दबोच लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास महतो (22 वर्ष), निवासी बाबूपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज (झारखंड) तथा चंदन राय (20 वर्ष), निवासी शिवा पहाड़, थाना तीन पहाड़, जिला साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई। जांच के दौरान उनके कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन और टेक्नो स्पार्क कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपित छपरा-गोरखपुर रेलखंड के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में घूम-घूमकर यात्रियों के मोबाइल और अन्य कीमती सामानों की चोरी करते थे।

पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है इस संबंध में रेल थाना सीवान में मुकदमा संख्या 95/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में पुअनि संजय कुमार राम , सउनि नंद किशोर सिंह, सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा, कांस्टेबल विजय कुमार यादव तथा कांस्टेबल बलवीर सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संयुक्त टीम की तत्परता के कारण दोनों शातिर मोबाइल चोरों को मौके पर ही दबोच लिया गया और चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए गए।

   

सम्बंधित खबर