गंगा दशहरा पर यमुना में डूबने से किशोर की मौत

फिरोजाबाद, 05 जून (हि.स.)। गंगा दशहरा पर वृहस्पतिवार को यमुना में स्नान करते समय डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना बसई मोहम्मदपुर के नगला गोकुल निवासी राम निवास यादव का पुत्र रोहित यादव (16) गंगा दशहरा पर यमुना स्नान के लिए गया था। वह थाना लाइनपार के नयाबांस के पास यमुना घाट पर स्नान कर रहा था। अचानक वह गहरे पानी में चला गया। पानी में फंसते ही उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर रोहित को बचाने के लिए कुछ लोगों ने यमुना में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक वो डूब चुका था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को खोज निकाला। रोहित का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजन जीवित होने की आस में तत्काल रोहित को सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां चिकित्सक द्वारा मृत घोषित करने पर परिजन उसे प्राइवेट ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां भी चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले जाने लगे। जिसको लेकर पुलिस व परिजन आमने सामने आ गए। पुलिस ने गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझकर शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है।

इस सम्बंध में सीओ सिटी का कहना है यमुना में डूबने से किशोर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर