जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस पार्टी पर आतंकी हमला एक पुलिसकर्मी शहीद

अनंतनाग, 22 जुलाई: दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने पुलिस की गश्ती पार्टी पर हमला कर दिया, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक जवान शहीद हो गए।
जानकारी के अनुसार, हमला अनंतनाग के लाल चौक क्षेत्र में उस समय हुआ जब पुलिस दल नियमित गश्त पर था। बाइक सवार आतंकियों ने अचानक पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

शहीद पुलिसकर्मी की पहचान आशिक हुसैन कुरैशी (35) के रूप में हुई है। वह इंडिया रिजर्व (IR) की तीसरी बटालियन में तैनात थे और बडगाम जिले के निवासी थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अनंतनाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी एवं आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू कर दिया। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी मौके पर तैनात किया गया है और हमलावर आतंकियों की तलाश जारी है।
यह हमला श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान हुआ है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को और कड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

   

सम्बंधित खबर