शोपियां में आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ एके 47 समेत हथियार बरामद
- Editor Chief
- Aug 31, 2026
श्रीनगर, 31 अगस्त। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संदिग्ध आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। तलाशी के दौरान ठिकाने से एक एके-47 राइफल समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने शोपियां के नाइकपोरा मेमेंदर इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को एक संदिग्ध ठिकाने का पता चला।
तलाशी लेने पर वहां से एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन, 60 कारतूस, एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड और 9 एमएम के छह कारतूस बरामद किए गए। हथियारों की बरामदगी के बाद सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान को और तेज कर दिया। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियार किस आतंकी संगठन से जुड़े थे और इस ठिकाने का इस्तेमाल किन लोगों द्वारा किया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियां हथियारों की बरामदगी से जुड़े संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं। दक्षिण कश्मीर में आतंकियों के ओवरग्राउंड नेटवर्क और उनके लिए बनाए गए ठिकानों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है।

