झारखंड के 25 वर्ष पूर्ण होने पर चेंबर 29 को करेगा विचार गोष्ठी
- Admin Admin
- Nov 27, 2025
रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में 25 वर्ष पूरा होने पर फ़ेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ की ओर से शनिवार को विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
चेंबर के विचार गोष्ठी में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का विषय झारखंड ऐट द रेट ऑफ 25 रखा गया है। इस कार्यक्रम का उददेश्य विकसित भारत 2047 की ओर राष्ट्र के साथ मार्च करते हुए आउट-ऑफ-द-बॉक्स आइडिया शेयर करना है। गोष्ठी के आयोजन में पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर सुरेश प्रभु झारखंड की औद्योगिक प्रगति, आर्थिक क्षमता, खनिज-समृद्धि, एमएसएमई डेवलपमेंट, हरित ऊर्जा, स्किल अपग्रेडेशन और राज्य को 2047 तक विकसित भारत की गति के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए कई नवाचारी एवं आउट-ऑफ-द-बॉक्स सुझाव साझा करेंगे।
प्रभु विश्व के 120 से अधिक देशों में कर देश का कर चुके हैं प्रतिनिधित्व
उल्लेखनीय है कि सुरेश प्रभु एक वैश्विक नीति रणनीतिकार, दूरदर्शी नेता और 10 प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों का नेतृत्व कर चुके हैं। इसमें रेलवे, वाणिज्य एवं उद्योग, नागरिक उड्डयन, पावर, पर्यावरण, भारी उद्योग सहित अन्य शामिल हैं। वे छह बार सांसद रह चुके हैं और भारत का प्रतिनिधित्व जी-20, जी-7, संयुक्त राष्ट्र सहित विश्व के 120 से अधिक देशों में कर चुके हैं। वे ऊर्जा, जलवायु, व्यापार और सतत विकास पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित विचारक के रूप में जाने जाते हैं।
इस गोष्ठी के माध्यम से झारखंड को अगले 20–25 वर्षों में विकसित भारत 2047 की गति के अनुरूप तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए ठोस सुझाव और मॉडल सामने आएगा।
इसे लेकर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और महासचिव रोहित अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि सुरेश प्रभु जैसे अनुभवी और दूरदर्शी नेता का मार्गदर्शन झारखंड के उद्योग जगत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका अनुभव, वैश्विक दृष्टि और नीति-निर्माण की समझ झारखंड के लिए एक नई दिशा और नए अवसर लेकर आएगी।
उन्होंने इस गोष्ठी में शहर के तमाम व्यापारियों, उद्यमियों, प्रशासकों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak



