विदेश में गूंजेगी राम कथा की अमृत धारा

जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की सनातन संस्कृति और रामायण की अमृतमयी कथा अब विदेश की धरती पर भी गूंजेगी। प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप गौड़ आगामी दिनों में बैंकॉक में पांच दिवसीय राम कथा का आयोजन करने जा रहे हैं।

इस आयोजन में जयपुर,राजस्थान और मध्यप्रदेश से सौ से अधिक व्यापारी एवं श्रद्धालु भाग लेंगे। विशेष बात यह है कि विदेशी नागरिक भी इस कथा और यज्ञ अनुष्ठान में सम्मिलित होंगे। जिससे भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का संदेश विश्व स्तर पर प्रसारित होगा।

पंडित प्रदीप गौड़ ने बताया कि राम कथा न केवल भगवान श्रीराम के गुणगान का माध्यम है। बल्कि यह भविष्य की चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों में संयम और धर्म मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती है। कथा के दौरान श्री यंत्र पर विराजमान यज्ञ अनुष्ठान संपन्न होगा, जो काम, क्रोध, लोभ, मद और द्वेष जैसे दुर्गुणों से मुक्ति प्रदान करते हुए सद्बुद्धि और शांति का संदेश देगा।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक श्रीकांत सामरिया ने बताया कि इस अवसर पर थाईलैंड में भारतीय मंदिरों और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को धर्म और पर्यटन दोनों का अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक सेतु का कार्य करेगी और “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को साकार करेगी।

गौड़ ने कहा कि कथा में भगवान राम के साथ-साथ कृष्ण की नगरी मथुरा, उज्जैन के महाकालेश्वर, अमरनाथ यात्रा और भारत के अन्य प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जिससे वहां उपस्थित विदेशी नागरिकों को भारत की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलेगा। अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की महिमा और उसकी दिव्यता का भी वर्णन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार यह कथा न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक सेतु के रूप में भारत और विदेश के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर