बेलीचराना में चौथे तवी पुल की सुरक्षा दीवार फिर दरकी लोगों में दहशत

जम्मू, 5 सितंबर। तवी नदी में बारिश के दौरान बढ़ने वाले जलस्तर के बीच जम्मू के भगवती नगर-बेलीचराना क्षेत्र में चौथे तवी पुल के पास बनी सुरक्षा दीवार फिर दरकने लगी है। इससे आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान भी इसी स्थान पर पानी के दबाव से सुरक्षा दीवार पूरी तरह धंस गई थी। बेलीचराना चौक और तवी रिवर फ्रंट पार्क के निकट स्थित इस स्थान पर पिछले साल हुए नुकसान के बाद पहले पत्थरों और बाद में सीमेंट की दीवार बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया गया था। अब उसी क्षेत्र में दोबारा मिट्टी और पत्थर खिसकने की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि लगातार मिट्टी खिसकने से पुल की अप्रोच रोड के नीचे का हिस्सा खोखला हो सकता है। यदि समय रहते सुरक्षा दीवार को मजबूत नहीं किया गया और तवी का जलस्तर बढ़ा तो स्थिति गंभीर हो सकती है। मामले की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान इसी हिस्से से पानी आसपास के इलाकों में घुसा था और नुकसान हुआ था। इसलिए इस बार अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

बेलीचराना क्षेत्र के लोगों ने सरकार से मांग की है कि मौके पर मजबूत कंक्रीट बेस वाली सुरक्षा दीवार का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में तवी में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पुल की अप्रोच रोड और आसपास की आबादी को खतरे से बचाया जा सके। बारिश के मौसम में सुरक्षा दीवार का दोबारा खिसकना चिंता का विषय बन गया है। अब संबंधित विभागों की तकनीकी जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि दीवार और पुल की अप्रोच रोड को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल किस स्तर के मरम्मत या पुनर्निर्माण की आवश्यकता है।

   

सम्बंधित खबर