सत्ता के लालच में सिद्धांतों से समझौता कर रहा विपक्ष : पंकज चाैधरी
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
औरैया, 09 जून (हि .स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के औरैया आगमन पर मंगलवार काे भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सत्ती तालाब के निकट आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान क्रेन के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को विशाल माला पहनाई गई, जबकि बुलडोजर और हाइड्रा से पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत का यह अनोखा अंदाज कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी का लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिनों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जो देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य मोदी सरकार ने किया है।
इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता के लालच में सिद्धांतों से समझौता कर रहा है। जनता का भरोसा भारतीय जनता पार्टी के साथ है और आने वाले समय में भाजपा को और अधिक समर्थन मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का दौरा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2024 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

