उद्योग बंधु बैठक में निवेश और रोजगार पर जोर, जिलाधिकारी ने सुनी समस्याएं
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
बागपत, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उद्योगों की समस्याओं, निवेश बढ़ाने और रोजगार सृजन पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और निवेशकों को पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में बताया गया कि 509 आवेदनों में से 416 स्वीकृत और 21 निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यूपीएसआईडीए गेट पर पुलिस ड्यूटी की मांग उठी, जिस पर हाई बैरियर निर्माण पूरा होने की जानकारी दी गई। औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों के संबंध में बताया गया कि दिल्ली-सहारनपुर मार्ग से सराय रोड तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी कैंप लगाने, पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल स्थापित कराने तथा भवन नक्शा और अग्निशमन एनओसी अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने प्रत्येक ब्लॉक में कम से कम 10 सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में बैंकों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए। योजना में 661 आवेदनों में से 154 स्वीकृत और 85 को ऋण वितरित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर निकेत वर्मा, डीसी जीएसटी आरपी चौरसिया, परियोजना अधिकारी शर्मिला पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

